र्तोड़े गए कुर्सी-टेबल, 15 साल का ‘हिसाब’ मांगते हुए किया हंगामा
बीरभूम : बीरभूम में तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुव्रत मंडल के सिउड़ी स्थित कार्यालय में बुधवार को दो युवकों ने कथित तौर पर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि दोनों युवक अनुव्रत मंडल को कुर्सी पर बैठाकर उनके सामने ही कार्यालय का सामान तोड़ते रहे। कुर्सी-टेबल से लेकर एयर कंडीशनर तक को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान टेबल का कांच टूटकर अनुव्रत मंडल के शरीर और चेहरे पर भी लगा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
अनुव्रत को सामने बैठाकर शुरू की तोड़फोड़
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अनुव्रत मंडल इन दिनों सिउड़ी स्थित तृणमूल कार्यालय में आकर बैठ रहे थे। बुधवार दोपहर बाद अचानक दो युवक पेड़ की डाल और डंडे लेकर कार्यालय में घुस गए। आरोप है कि दोनों ने अनुव्रत मंडल को कुर्सी पर बैठाए रखा और उनके सामने ही कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
दोनों युवक पिछले 15 वर्षों में बीरभूम के लोगों के साथ कथित अत्याचार का आरोप लगाते हुए अनुव्रत मंडल से जवाब मांग रहे थे। इस दौरान उन्हें ‘गोरू चोर’ कहकर भी ताना मारा गया।
अनुव्रत मंडल ने दोनों युवकों को समझाने की कोशिश की। उन्हें कहते सुना गया, “मेरी एक बात सुनो।” इस पर एक युवक ने जवाब दिया, “अब एक बात भी नहीं।” इसके बाद उसने सामने रखी टेबल पर पेड़ की डाल से प्रहार कर दिया। टेबल का कांच टूटकर अनुव्रत मंडल की ओर जा गिरा।
‘किसे मारा है, बताओ’—अनुव्रत ने किया सवाल
घटना के दौरान अनुव्रत मंडल के कुछ करीबी लोग भी कार्यालय में मौजूद थे। हालांकि, वे कथित तौर पर पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहे।
तोड़फोड़ के साथ ही दोनों युवक अनुव्रत मंडल से लगातार सवाल करते रहे। एक युवक ने पूछा, “लोगों को क्यों मारकर आए थे?” इस पर अनुव्रत ने जवाब दिया, “किसे मारा है, बताओ।”
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत और तीखी हो गई। एक युवक ने कहा कि वह दिखा सकता है कि अनुव्रत ने किन-किन लोगों को मारा है। इस पर अनुव्रत ने सिर हिलाते हुए कहा, “दिखाओ ना, दिखाओ।”
बातचीत के दौरान एक युवक ने धमकी भरे अंदाज में कहा, “यहां से बाहर नहीं निकलने देंगे। हत्या कर दें तो एक बार में खत्म…” अनुव्रत लगातार हाथ के इशारे से दोनों को शांत कराने की कोशिश करते रहे। लेकिन दोनों युवकों ने तोड़फोड़ जारी रखी।
कुर्सी-टेबल से लेकर एसी तक नुकसान
दोनों युवकों ने कार्यालय के भीतर मौजूद कई सामानों को निशाना बनाया। कुर्सियां, टेबल और अन्य फर्नीचर तोड़े गए। आरोप है कि कार्यालय में लगे एयर कंडीशनर को भी नुकसान पहुंचाया गया।
एक समय एक युवक ने अनुव्रत से पूछा, “आप यहां बैठते क्यों हैं?” हालांकि, जवाब सुनने से पहले ही वह फिर से कार्यालय के सामान में तोड़फोड़ करने लगा।
घटना के दौरान अनुव्रत मंडल कुर्सी पर बैठे रहे और बार-बार दोनों युवकों को शांत कराने की कोशिश करते दिखाई दिए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को हटाया
काफी देर तक हंगामा और तोड़फोड़ होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को रोककर उन्हें और कार्यालय से बाहर लेकर गई।
कार्यालय के बाहर भी कुछ लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ आए कुछ लोगों ने पुलिस के सामने अनुव्रत मंडल के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “इतना अत्याचार किया है, इसे छोड़ देंगे?”
इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को वहां से लेकर चली गई।
हमले की तृणमूल के दोनों गुटों ने की निंदा
अनुव्रत मंडल के कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और उन पर कथित हमले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों ने घटना की निंदा की है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे युवकों का मकसद क्या था और क्या वे किसी संगठन या राजनीतिक समूह से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।































