28 से 30 सितंबर तक ATM से कैश निकालने पर नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज। 3 दिन की बैंक हड़ताल से सेवाओं पर असर की आशंका, SBI ने ग्राहकों के लिए किया खास इंतजाम
कोलकाता : देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान SBI ग्राहकों को ATM से नकद निकासी पर अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। बैंक के इस फैसले से उन ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं की सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति में नकदी की जरूरत पड़ सकती है।
किसी भी बैंक के ATM से निकाल सकेंगे पैसे
SBI के ग्राहक हड़ताल के दिनों में किसी भी बैंक के ATM से नकद राशि निकाल सकेंगे। इस दौरान सामान्य तौर पर लागू होने वाली मासिक मुफ्त लेनदेन सीमा से अधिक निकासी पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। यानी 28, 29 और 30 सितंबर को ATM से कैश निकालने वाले SBI ग्राहकों को अतिरिक्त चार्ज की चिंता नहीं करनी होगी।
बैंक की ओर से यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब लगातार तीन दिनों की हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।
UPI और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
हड़ताल के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को सामान्य रखने की कोशिश की जाएगी। SBI ग्राहकों के लिए UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और YONO ऐप के जरिए डिजिटल लेनदेन जारी रहेगा। ऐसे में पैसे ट्रांसफर करने, ऑनलाइन भुगतान करने और दूसरी डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के लिए ग्राहकों को शाखा पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
हालांकि, चेक जमा करने, डिमांड ड्राफ्ट बनवाने या लोन से जुड़े किसी जरूरी काम के लिए बैंक शाखा जाना आवश्यक हो सकता है। ऐसे ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी काम हड़ताल शुरू होने से पहले निपटा लें।
बैंक यूनियनों की दो दिन साप्ताहिक छुट्टी की मांग
बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से लंबे समय से सप्ताह में दो दिन छुट्टी की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इससे महीने के अंत में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
इससे पहले 11 सितंबर को भी बैंक कर्मचारियों ने इसी मांग को लेकर एक दिन की देशव्यापी हड़ताल की थी। त्योहारों के मौसम में प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से आम ग्राहकों के साथ छोटे कारोबारियों को भी परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।
रविवार को खुले रहेंगे सरकारी बैंक
लगातार बैंक बंद रहने की स्थिति को देखते हुए केंद्र की ओर से रविवार को सरकारी बैंकों की शाखाएं खोलने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक खुले रहेंगे। वहीं, हड़ताल के दौरान ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए SBI ने ATM और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की है।































