23 अधिकारियों का तबादला; कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भी बदले। गृह विभाग ने जारी की तबादले की अधिसूचना, कोलकाता पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं; आईजी, डीआईजी और डीसी स्तर पर भी फेरबदल।
कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार को 23 आईपीएस और डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की। तबादले में कोलकाता पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों को राज्य पुलिस, कोलकाता पुलिस और विभिन्न पुलिस कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह का तबादला
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह को उत्तर बंगाल का आईजी, आईबी नियुक्त किया गया है। वहीं, कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) सूर्यप्रताप यादव को राज्य पुलिस में डीआईजी, आईबी की जिम्मेदारी दी गई है।
कोलकाता पुलिस की प्रवर्तन शाखा की डीसी स्पर्शा नीलांगी को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) का नया डीसी बनाया गया है।
सुधीर कुमार नीलकांतम होंगे कोलकाता के नए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त
आईपीएस सुधीर कुमार नीलकांतम को कोलकाता का नया अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले एसटीएफ के आईजीपी के पद पर तैनात थे।
वहीं, भोलानाथ पांडे को कोलकाता पुलिस का नया संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) बनाया गया है। वह इससे पहले राज्य पुलिस में डीआईजी, आईबी के पद पर थे।
सुरक्षा और खुफिया विभाग में भी बदलाव
आईपीएस सुखेंदु हीरा, जो अब तक राज्य पुलिस में डीआईजी (सुरक्षा) थे, उन्हें कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है।
आईपीएस नीलू शेरपा को डब्ल्यूबीपीएचआईडीसीएल का आईजीपी बनाया गया है। वह इससे पहले एससीआरबी के आईजीपी थे। वहीं, शंखशुभ्र चक्रवर्ती को होमगार्ड के आईजी पद से हटाकर एससीआरबी का आईजीपी नियुक्त किया गया है।
विधाननगर और सीआईडी में भी नई नियुक्तियां
डब्ल्यूबीपीएचआईडीसीएल के डीआईजी रहे आईपीएस देबर्षि दत्ता को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।
आईपीएस नीमा नरबू भूटिया को सशस्त्र पुलिस बल की 10वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर पद से हटाकर सीआईडी में एसएस बनाया गया है। वहीं, एसएस, आईबी के पद पर तैनात धृतिमान सरकार को मालदा में सीआईडी का एसएस नियुक्त किया गया है।
कोलकाता पुलिस की साइबर शाखा में भी बदलाव
कोलकाता पुलिस की साइबर शाखा की कमान अब आईपीएस सौम्यदीप भट्टाचार्य संभालेंगे। उन्हें नया डीसी नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सशस्त्र पुलिस बल में तैनात थे।
विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसी, डीडी के पद पर काजी शमसुद्दीन अहमद को नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सिलीगुड़ी थाने में ट्रैफिक के डीसी थे।
बैरकपुर और उत्तर बंगाल में भी फेरबदल
आईपीएस कुंतल बंद्योपाध्याय को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट का नया डीसी बनाया गया है।
वहीं, डब्ल्यूबीपीएस अधिकारी कौस्तुभदीप्ता आचार्य का दार्जिलिंग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद से तबादला कर उन्हें अलीपुरद्वार के जयगांव का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
कालिम्पोंग की नई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूर्णिमा शेरपा होंगी, जबकि अभिषेक राय को बीरभूम का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इन जिलों में भी बदले गए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
तबादले के तहत मानवेन्द्र दास को माथाभांगा का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कुणाल वर्णवास को मालदा ग्रामीण का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
































