मुंबई मेल से उतरते ही RPF ने यात्री को पकड़ा,बैग में मिली नोटों की गड्डियां, पैसे के स्रोत पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका यात्री; आयकर विभाग को दी गई सूचना
कोलकाता : हावड़ा स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी मात्रा में नकदी के साथ एक यात्री को हिरासत में लिया है। उसके बैग से करीब 67 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी सुजीत काले के रूप में हुई है। RPF के अनुसार, वह बरामद रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
नए कॉम्प्लेक्स में संदिग्ध गतिविधि पर रोका
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। RPF के जवान हावड़ा स्टेशन के नए कॉम्प्लेक्स में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सुजीत पर पड़ी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर RPF ने उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में नोटों की कई गड्डियां बरामद हुईं। रकम की गिनती करने पर यह करीब 67 लाख रुपये बताई गई।
बड़ाबाजार से सोना-चांदी खरीदने की बात कही
RPF सूत्रों के मुताबिक, सुजीत महाराष्ट्र के सोलापुर का रहने वाला है और उसने पूछताछ में बताया कि गया टाउनशिप इलाके में उसकी एक दुकान है। वह रविवार रात मुंबई मेल से हावड़ा पहुंचा था।
सुजीत ने दावा किया कि वह कोलकाता के बड़ाबाजार से सोना-चांदी खरीदने के लिए यह रकम लेकर आया था।
हालांकि, RPF को उसका यह जवाब संतोषजनक नहीं लगा।
नकदी से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले
RPF के अनुसार, सुजीत बरामद रकम का स्पष्ट स्रोत नहीं बता सका। वह इतनी बड़ी रकम अपने पास रखने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।
इसके बाद RPF ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी।
अब आयकर विभाग करेगा जांच
सूत्रों के अनुसार, बरामद करीब 67 लाख रुपये और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंपा जाएगा। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इतनी बड़ी नकदी कहां से आई, इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या रकम से जुड़े वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
फिलहाल RPF और आयकर विभाग की जांच के बाद ही नकदी के वास्तविक स्रोत और मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।































