फैशन रिटेल सेक्टर में 140 नए आउटलेट खोलने का लक्ष्य, पुरुलिया में ₹1,900 करोड़ के सोलर प्रोजेक्ट की तैयारी
कोलकाता : साल्ट लेक सिटी सेंटर में शुक्रवार को ‘बाज़ार स्टाइल रिटेल लिमिटेड’ की ओर से दुनिया के सबसे बड़े फैशन वॉर्डरोब के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले तीन वर्षों में राज्य में कंपनी की ओर से करीब ₹5,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में 140 नए आउटलेट खोलने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार के गठन के महज चार महीनों में पश्चिम बंगाल में उद्योग और कारोबार के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश सरकारी और निजी क्षेत्र, दोनों के सहयोग से राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ फैशन वॉर्डरोब
सिटी सेंटर में उद्घाटन किए गए फैशन वॉर्डरोब को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिलने को मुख्यमंत्री ने बंगाल के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा जैसे बड़े त्योहार से पहले राज्य में इस तरह की उपलब्धि हासिल होना खुशी की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी फिलहाल देश के 10 राज्यों में करीब 275 स्टोर संचालित कर रही है। इन स्टोर्स में लगभग 6,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है, जबकि करीब 75,000 अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा हुए हैं। कंपनी के साथ लगभग 825 MSME वेंडर जुड़े हुए हैं।
110 से बढ़ाकर 250 सेंटर करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कंपनी से पश्चिम बंगाल में अपने सेंटरों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया है। फिलहाल राज्य में कंपनी के करीब 110 सेंटर हैं, जिन्हें बढ़ाकर 250 करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कंपनी से तीन साल के लक्ष्य को संभव हो तो अगले 18 महीनों में पूरा करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय कारोबारियों तथा MSME क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।
पुरुलिया में ₹1,900 करोड़ का सोलर प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने पुरुलिया में प्रस्तावित सोलर पावर प्रोजेक्ट का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अग्रवाल परिवार की ओर से करीब ₹1,900 करोड़ के निवेश से सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कंपनी ने परियोजना के लिए करीब 100 एकड़ जमीन सीधे खरीद ली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आगे करीब 1,000 एकड़ जमीन से जुड़ी प्रक्रिया पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल पर स्वयं जाकर भूमि पूजन करने की बात भी कही।
श्रीराम-लक्स से श्याम स्टील तक कई परियोजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने पिछले चार महीनों में राज्य में हुए विभिन्न औद्योगिक निवेश और विस्तार परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम और लक्स ग्रुप के डंकुनी प्रोजेक्ट में करीब ₹700 करोड़ के निवेश विस्तार पर काम हो रहा है।
वहीं, श्याम स्टील की मेजिया परियोजना में करीब ₹15,000 करोड़ के विस्तार का काम शुरू होने का दावा किया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यहां तैयार होने वाली रोबोटिक फायर-फाइटिंग गाड़ियों के लिए उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं।
अमूल, अमित मेटालिक्स और L&T की परियोजनाओं का भी उल्लेख
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमूल की ओर से संकराइल में करीब ₹600 करोड़ की लागत से डेयरी और स्वीट-योगर्ट प्लांट का काम शुरू किया गया है। उत्तर और दक्षिण बंगाल में दो नए आइसक्रीम प्लांट के लिए जमीन चयन की प्रक्रिया भी पूरी होने की बात उन्होंने कही।
अमित मेटालिक्स के रघुनाथपुर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन हो चुका है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, UCO बैंक से करीब ₹1,500 करोड़ का ऋण मंजूर होने के बाद परियोजना का काम आगे बढ़ रहा है।
इसके अलावा, L&T के न्यू टाउन स्थित 7.45 लाख वर्गफुट के डेटा सेंटर का उद्घाटन होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
दुर्गापूजा से पहले हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स का नया प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स का करीब ₹6,000 करोड़ की लागत वाला नया प्लांट दुर्गापूजा से पहले शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में कंपनी के प्रमुख पूर्णेंदु चटर्जी के निमंत्रण पर वह स्वयं शामिल होंगे।
रक्षा क्षेत्र में भी निवेश का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में GRSE में चार परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है। इसके अलावा, पूर्वी मेदिनीपुर के जुनपुट तट पर DRDO की एक बड़ी रक्षा परियोजना शुरू होने की तैयारी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक मंजूरी दिए जाने की बात भी उन्होंने कही।
अडानी-अंबानी समूह की परियोजनाओं का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने उद्योगपति गौतम अडानी के आगामी कोलकाता दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि 24 सितंबर को न्यू टाउन में 2,000 बेड वाले अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अनंत अंबानी के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, गणपति उत्सव के बाद वह मुंबई जाकर मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी से मुलाकात करेंगे।
ताजपुर डीप-सी पोर्ट परियोजना में बदलाव
मुख्यमंत्री ने ताजपुर डीप-सी पोर्ट परियोजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन की उपलब्धता को देखते हुए परियोजना को पास के दादन पात्राबार क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया है। उनके मुताबिक, इस क्षेत्र में राज्य सरकार के पास करीब 1,700 एकड़ जमीन उपलब्ध है।
33 औद्योगिक इकाइयों को मिलेगी जमीन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद लंबे समय से लंबित जमीन को दुर्गापूजा से पहले एक विशेष कार्यक्रम के जरिए 33 औद्योगिक इकाइयों को औपचारिक रूप से सौंपा जाएगा। सरकार का उद्देश्य इन परियोजनाओं के जरिए निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
BRICS डिनर में शामिल होने पर बोले मुख्यमंत्री
दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के अवसर पर आयोजित डिनर में शामिल होने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है और उनके लिए इस कार्यक्रम में शामिल होना गर्व की बात है।






























