सात साल से कर रहा था तैराकी
कोलकाता : ढाकुरिया के एक स्विमिंग क्लब में शुक्रवार को तैराकी के दौरान 16 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सारिप घोष के रूप में हुई है। वह शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब सात वर्षों से इसी स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सारिप नियमित रूप से तैराकी करने के लिए पूल में उतरा था। कुछ देर बाद वह अचानक पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट तक किसी का ध्यान उसकी ओर नहीं गया। बाद में उसे पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार ने स्विमिंग पूल प्रबंधन पर कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का सवाल है कि सात साल से तैराकी कर रहे एक प्रशिक्षित छात्र के डूबने के दौरान समय पर किसी की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी।
फिलहाल डूबने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस स्विमिंग पूल में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।





























