संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में कथित संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच कर रहे आयोग ने गुरुवार को न्यू अलीपुर में पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम उर्फ ‘बॉबी’ से जुड़ी दो कंपनियों के कार्यालयों में तलाशी अभियान चलाया। न्यू अलीपुर पुलिस की मौजूदगी में आयोग के सदस्यों ने ‘हाकिम पॉलीमेकर’ और ‘हाकिम केमिकल्स’ के टॉलीगंज सर्कुलर रोड स्थित कार्यालयों की जांच की।
आयोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इन कंपनियों से जुड़ी संपत्तियां और वित्तीय लेन-देन किस तरीके से किए गए थे। साथ ही, जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कहीं इन लेन-देन में किसी तरह का संस्थागत भ्रष्टाचार या अनियमितता तो नहीं हुई।
राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में कथित संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच के लिए ‘कमीशन अगेंस्ट इंस्टीट्यूशनल करप्शन’ का गठन किया गया है। आयोग की अध्यक्षता हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बिस्वजीत बसु कर रहे हैं।
गुरुवार दोपहर न्यायमूर्ति बिस्वजीत बसु की अगुवाई में आयोग की टीम न्यू अलीपुर के टॉलीगंज सर्कुलर रोड पहुंची। इसके बाद दोनों कंपनियों के कार्यालयों में दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की तलाशी ली गई।
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हाकिम पॉलीमेकर प्राइवेट लिमिटेड प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण से जुड़ी कंपनी है। कंपनी अपनी वेबसाइट पर ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती प्लास्टिक उत्पाद उपलब्ध कराने का दावा करती है। वहीं, हाकिम केमिकल्स केमिकल उत्पादों के निर्माण से जुड़ी रही है।
बताया जा रहा है कि तलाशी अभियान के दौरान पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम उर्फ बॉबी या उनके परिवार का कोई सदस्य कंपनी के कार्यालय में मौजूद नहीं था।
आयोग अब तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच करेगा। इसके आधार पर कंपनियों की संपत्ति, लेन-देन और उनसे जुड़े संभावित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल आगे बढ़ाई जाएगी।





























