राज्य सरकार और बीजेपी नेतृत्व पर तीखा हमला किया
नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में संसद परिसर से राज्य सरकार और बीजेपी नेतृत्व पर तीखा हमला किया है। हालिशहर में तृणमूल नेता ममता बनर्जी पर हुए हमले पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया है कि रविवार को हुई यह शर्मनाक घटना राज्य सरकार की शह पर हुई।
विपक्ष को खत्म करना चाहती है सरकार
अभिषेक ने कहा कि मौजूदा सरकार का एकमात्र मकसद राज्य से विपक्ष को खत्म करना है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के समर्थन के बिना ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की हिम्मत कोई नहीं करेगा।वे नहीं चाहते कि विपक्षी राजनीतिक पार्टियां रहें। वे विपक्षी नेताओं की हत्या तक करना चाहते हैं। रविवार की घटना साबित करती है कि प्रशासनिक समर्थन के बिना ऐसा हमला करना असंभव है।
सबूत पेश करने के लिए तैयार
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय मौजूद कई नेता पहले बीजेपी उम्मीदवार के लिए प्रचार करते देखे गए थे। वे बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ कई तस्वीरों में नज़र आए हैं। वह इस बात के सबूत पेश करने के लिए तैयार हैं।
दिया उदाहरण
अभिषेक ने पिछले साल जून की एक घटना का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि 19 जून की रात, लोकसभा स्पीकर के साथ बैठक के बाद जब वे कोलकाता एयरपोर्ट पहुँचे, तो बीजेपी समर्थित एक बदमाश को हथियार लिए हुए देखा गया। पुलिस आज तक उसे गिरफ़्तार नहीं कर पाई है।
सीएम के साथ है उसकी तस्वीर
अभिषेक ने कहा, “उस बदमाश की मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ एक तस्वीर है। मुख्यमंत्री का संरक्षण होने की वजह से ही, हथियार लेकर एयरपोर्ट पर घूमने वाले उस व्यक्ति को अभी तक गिरफ़्तार नहीं किया गया है।”
साथ छोड़ने वालों की आलोचना की
अभिषेक ने तृणमूल के सांसदों और विधायकों को तोड़ने की राजनीति और मौजूदा “तथाकथित विपक्ष” की भूमिका की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “पिछले दो महीनों में, विपक्ष के इन तथाकथित सदस्यों ने बीजेपी या सरकार की नाकामियों के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। वे न तो कोई सवाल उठाते हैं और न ही कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। वे चौबीसों घंटे तृणमूल कांग्रेस, ममता बनर्जी और मुझ पर निशाना साधते रहते हैं।”
जनता माफ नहीं करेगी
अभिषेक ने कहा कि बीजेपी और उसकी ‘बी-टीम’ सहयोगी ने बंगाल को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। राज्य के लोगों ने पिछले तीन महीनों में उनके कारनामे देखे हैं। बंगाल की जनता इन साजिश रचने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।





























