विधाननगर साइबर पुलिस के जाल में ठगी गिरोह के सदस्य, कृष्णानगर से हुई गिरफ्तारी
कोलकाता : विधाननगर साइबर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में ठगी के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कृष्णानगर से पकड़ा गया है। पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 2024 के दो अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की गई है। दोनों ही मामलों में पीड़ित सोशल मीडिया के जरिए निवेश के जाल में फंसे थे।
पहला मामला अक्टूबर 2024 का
इस मामले में पीड़ित की सोशल मीडिया पर एक अज्ञात व्यक्ति से दोस्ती हुई। उस व्यक्ति की सलाह पर पीड़ित ने एक ऐप के जरिए 92 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश कर दिया। बाद में जब उसने पैसे निकालने चाहे तो उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उसने विधाननगर साइबर पुलिस से संपर्क किया और जांच शुरू हुई।
दूसरा मामला नवंबर 2024 का
इसमें भी पीड़ित सोशल मीडिया के जरिए एक अजनबी के संपर्क में आया और उसकी बातों में आकर 22 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश कर दिया।दोनों घटनाओं की जांच के बाद विधाननगर साइबर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात कृष्णानगर से इन दोनों मामलों से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपियों को अपनी हिरासत में लेकर पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना चाहती है और यह पता लगाना चाहती है कि इस ठगी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





























