कोलकाता । केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से राज्यसभा में दिए गए एक लिखित जवाब में पश्चिम बंगाल की वक्फ संपत्तियों को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने राज्यसभा सांसद एवं पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य के प्रश्न के उत्तर में बताया कि राज्य में UMEED (Unified Waqf Management, Empowerment, Efficiency and Development) पोर्टल पर दर्ज वक्फ संपत्तियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।मंत्रालय के अनुसार, 10 फरवरी 2025 तक पश्चिम बंगाल में 8,548 वक्फ संपत्तियां दर्ज थीं, जबकि 20 जुलाई 2026 तक यह संख्या बढ़कर 1,15,551 हो गई है।
मंत्रालय के जवाब की प्रमुख बातें
10 फरवरी 2025 तक वक्फ संपत्तियां: 8,548
20 जुलाई 2026 तक UMEED पोर्टल पर वैध एवं स्वीकृत वक्फ संपत्तियां: 1,15,551
12,720 संपत्तियां अभी सत्यापन (Verification) के चरण में हैं।
पश्चिम बंगाल वक्फ बोर्ड ने 24 जून 2026 की विस्तारित समयसीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड की प्रक्रिया पूरी कर दी है।
राज्य में 103 अतिक्रमण (Encroachment) के मामलों में कार्रवाई शुरू की गई है।
यह जानकारी राज्यसभा के अनस्टार्ड प्रश्न संख्या 122 के लिखित उत्तर में दी गई, जिससे पश्चिम बंगाल में वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड और सत्यापन प्रक्रिया को लेकर नई राजनीतिक बहस शुरू होने की संभावना है।
































