कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में अशांति, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा, “हमारे सत्ता में आने के बाद कुछ घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन हमने उन पर सख्ती से कार्रवाई की। हमने स्पष्ट संदेश दिया है कि अशांति, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों के लिए पश्चिम बंगाल में कोई जगह नहीं है।”मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़, धार्मिक उन्माद फैलाने वाले नारेबाजी या पत्थरबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सबसे कठोर कदम उठाए जाएंगे।शुभेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में असामाजिक तत्वों को सामान्य जनजीवन बाधित करने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार कानून के शासन और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति और विकास के लिए कानून-व्यवस्था का मजबूत होना आवश्यक है और उनकी सरकार इस दिशा में हर संभव कदम उठाती रहेगी।


























