सिटी सबअर्बन बस सर्विस ने परिवहन विभाग से की मांग
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सिटी सब अर्बन बस सर्विस ने परिवहन विभाग से पुराने CF फाइन, टैक्स फाइन और परमिट रिन्यूअल फाइन को एकमुश्त माफ करने की मांग की है। इस संबंध में विभाग के प्रधान सचिव को 10 अगस्त 2026 को पत्र सौंपा गया है।
परेशान हैं बस आपरेटर
पत्र में टिटो साहा ने कहा है कि लंबे समय से बकाया जुर्माने के भारी आर्थिक बोझ के कारण बस ऑपरेटरों के लिए आवश्यक दस्तावेजों का नवीनीकरण कराना मुश्किल हो रहा है। इसका सीधा असर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और यात्रियों पर पड़ रहा है।
सभी लंबित जुर्मानों के निपटारे की मांग
पत्र में 4 मई 2026 तक लंबित CF फाइन, टैक्स फाइन और परमिट रिन्यूअल फाइन को मानवीय आधार पर माफ करने की अपील की गई है। साथ ही वाहन पोर्टल से संबंधित सभी लंबित जुर्मानों के निपटारे की मांग भी की गई है।
वाहनों को यात्री सेवा के लिए फिट करेंगे
बस ऑपरेटरों ने आश्वासन दिया है कि यदि सरकार राहत देती है, तो वे कम समय में CF रिन्यूअल, टैक्स भुगतान और परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर वाहनों को यात्री सेवा के लिए फिट करेंगे। वहीं, 4 मई 2026 के बाद नियमों के उल्लंघन पर लगाए गए जुर्माने का भुगतान नियमानुसार करने की बात भी पत्र में कही गई है।
क्या होगा असर
बस सेवा से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकार के इस फैसले से हजारों ड्राइवर, कंडक्टर और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को राहत मिल सकती है। अब नजर परिवहन विभाग के फैसले पर है।




























