- राजनीतिक साजिश की आशंका, एक बड़े नेता के करीबी की तलाश
कोलकाता : सीबीआई ने शुवेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की हत्या में शामिल दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग दो भाई हैं, सागर सोनकर और साहेब सोनकर। CBI सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को शुक्रवार को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। CBI के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों भाई हत्या के पीछे की पूरी योजना में शामिल थे, शूटर को लाने से लेकर सारी जानकारी देने, टोह लेने में मदद करने तक। यह राजनीतिक कारण था या कुछ और, चंद्रनाथ के प्रति उनके गुस्से का सही कारण अभी साफ नहीं है। चंद्रनाथ की हत्या में पहले भी कुछ लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। या तो वे शूटर हैं या बिचौलिए।
सीबीआई के अनुसार, काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) के विश्लेषण में सामने आया है कि सागर चंद्रनाथ रथ के साथ काम करने के दौरान प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के स्थानीय कार्यालय के लैंडलाइन नंबर पर लगातार संपर्क में था।
एजेंसी अब उस पदाधिकारी का पता लगा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2020 तक सागर उसी राजनीतिक दल के एक विधायक के साथ काम करता था, बाद में वह भाजपा में शामिल हो गया।
अब तक नौ गिरफ्तार
सीबीआई अब तक इस मामले में छह शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा सुपारी दिलाने में भूमिका निभाने वाले विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपित अभी भी फरार है।






























