दोपहर 12 बजे तक साफ हो सकता है बंगाल की सत्ता किसके हाथ
सोमवार सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना, दोपहर 12 बजे तक साफ हो सकता है बंगाल की सत्ता किसके हाथ
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों में पड़े वोट अब स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखे गए हैं। राज्य की जनता ने किसे सत्ता सौंपी है, इसका फैसला आने वाले सोमवार को होगा, जब सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। शुरुआती रुझान दोपहर 12 बजे तक स्पष्ट होने की संभावना है।
चुनाव आयोग ने मतगणना को लेकर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग सेंटर तक हर स्तर पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी निगरानी भी की जा रही है।
पहले पोस्टल बैलेट, फिर ईवीएम की गिनती
मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट की गिनती से होगी। इसके बाद ईवीएम के वोट खोले जाएंगे। आमतौर पर पहले चार घंटों में कई राउंड की गिनती पूरी हो जाती है, जिससे यह अंदाज़ा लगने लगता है कि किस दल की बढ़त है और कौन पीछे चल रहा है।
हालांकि करीबी मुकाबले वाले सीटों पर नतीजों में देर भी हो सकती है। कई बार एक राउंड में आगे रहने वाला उम्मीदवार अगले राउंड में पीछे भी हो जाता है।
कैसे खुलते हैं ईवीएम?
मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को बूथ एजेंटों की मौजूदगी में सील किया गया था। इन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। मतगणना के दिन चुनाव अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सील खोली जाएगी।
हर काउंटिंग हॉल में आमतौर पर 14 टेबल लगाए जाते हैं। एक बार 14 टेबलों की गिनती पूरी होने पर उसे एक राउंड माना जाता है।
कौन जा सकेगा काउंटिंग हॉल के अंदर?
मतगणना कक्ष में सिर्फ अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। इनमें रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक अधिकारी, काउंटिंग स्टाफ, टेक्निकल स्टाफ, पर्यवेक्षक, उम्मीदवार और उनके एजेंट शामिल होंगे।
बिना वैध आईडी कार्ड किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस बार आईडी कार्ड पर क्यूआर कोड भी रहेगा, जिसे स्कैन कर सत्यापन किया जाएगा।
मोबाइल और फोटो पर रोक
मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, हथियार और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना मना होगा। ईवीएम या बैलेट की फोटो लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है। पूरे मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर
अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला बताया गया है। कुछ सर्वे भाजपा को बढ़त दे रहे हैं, तो कुछ में तृणमूल आगे दिखाई गई है। हालांकि अंतिम फैसला सोमवार को मतगणना के बाद ही सामने आएगा।
अब सबकी नजर सोमवार सुबह 8 बजे पर टिकी है, जब पश्चिम बंगाल की राजनीति की तस्वीर साफ होने लगेगी।

























