वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहा था
कोलकाता : न्यूटाउन से एक अफगान नागरिक को बंगाल एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अब्दुल हाकिम उर्फ मोहम्मद राजा उर्फ ओसामा के रूप में हुई है। आरोप है कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था।
गुप्त सूचना पर न्यूटाउन में छापेमारी
गुप्त सूचना के आधार पर बंगाल एसटीएफ के अधिकारियों ने न्यूटाउन में अभियान चलाया। इसी दौरान अफगान नागरिक ओसामा को गिरफ्तार किया गया। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसके भारत आने के उद्देश्य, वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद यहां रहने और उसके पास मौजूद दस्तावेजों की वैधता की जांच की जा रही है।
भारत में संपर्कों की तलाश में जांच एजेंसी
एसटीएफ यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार व्यक्ति के भारत में किन लोगों से संपर्क थे। वीजा समाप्त होने के बाद भी वह किसकी मदद से यहां रह रहा था और इस मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पिछले दिनों शियालदह से भी पकड़ा गया था अफगान नागरिक
गौरतलब है कि गत 17 नवंबर को कोलकाता पुलिस की मदद से मध्य प्रदेश पुलिस ने शियालदह के पास से एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसका असली नाम मीर अहमद जार था। वह कोलकाता में आयूब खान नाम से फर्जी पहचान पत्र बनाकर रह रहा था।
वह पहली बार 2015 में भारत आया था। इसके बाद 2017 में दूसरी बार भारत पहुंचा। वह कभी मध्य प्रदेश के जबलपुर तो कभी कोलकाता में रहता था। उसके पास से भाटपाड़ा नगरपालिका का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया था।
एसआईआर की मतदाता सूची से उसका नाम हट गया था। इसके बाद उसने दोबारा नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन भी किया था। इसी महीने कोलकाता में एक और अफगान नागरिक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
































