कोलकाता : महानगर में एक पुलिसकर्मी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। गुरुवार सुबह बांसद्रोणी थाने के पुलिस बैरक से एक पुलिसकर्मी का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान संजय हालदार (40) के रूप में हुई है। वह कोलकाता पुलिस में वाहन चालक के पद पर कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस की शुरुआती आशंका है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि, मौत के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस बैरक के कमरे में अकेले थे संजय
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय बुधवार रात बांसद्रोणी थाने के पुलिस बैरक की दूसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में अकेले थे। गुरुवार सुबह जब बैरक के अन्य पुलिसकर्मी नीचे आ गए, तब भी संजय अपने कमरे से बाहर नहीं निकले।
इसके बाद उनके कुछ सहकर्मी उन्हें देखने के लिए दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां उन्होंने संजय को फंदे से लटका हुआ देखा। सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने शव बरामद किया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सरसुना इलाके के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, संजय हालदार का घर कोलकाता के सरसुना इलाके में है। वह पुलिस विभाग में वाहन चालक के रूप में तैनात थे। बैरक में उनकी इस तरह हुई मौत से सहकर्मी भी हैरान हैं।
मोबाइल फोन की भी जांच कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संजय ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। उनके निजी जीवन, कामकाज और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। जांचकर्ताओं ने मृतक का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
































