कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले मतदाता सूची से नाम कटने वाले लोगों की अर्जियों पर जल्द सुनवाई करने का निर्देश सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनकी अपीलों का तेजी से निपटारा करने के लिए शीर्ष अदालत ने सोमवार को चुनाव आयोग को दो अहम निर्देश दिए। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य में एसआईआर ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने और नाम कटने के खिलाफ दाखिल अर्जियों को प्राथमिकता देने को कहा है।
कलकत्ता हाई कोर्ट से चर्चा कर बढ़ाई जाए ट्रिब्यूनलों की संख्या
पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़े मामले की सुनवाई सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में हुई। इस पीठ में न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि वह कलकत्ता हाई कोर्ट के साथ विचार-विमर्श कर राज्य में एसआईआर ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था करे।
अदालत ने कहा कि ट्रिब्यूनलों के सामने बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। ऐसे में मामलों के जल्द निपटारे के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रिब्यूनल होना जरूरी है।
नाम कटने के खिलाफ दाखिल अर्जियों को मिलेगी प्राथमिकता
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि ट्रिब्यूनलों के सामने दो तरह की अपीलें आ रही हैं। पहली, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ और दूसरी, मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम शामिल किए जाने के खिलाफ।
अदालत ने निर्देश दिया कि इन दोनों तरह की अर्जियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाए। पहले उन लोगों की अपीलों का निपटारा किया जाए, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इसके बाद नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दाखिल अर्जियों पर सुनवाई की जा सकती है।
जिन इलाकों में नगर निकाय चुनाव, वहां के मतदाताओं को विशेष प्राथमिकता
सुप्रीम कोर्ट ने एक और महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव होने हैं, वहां मतदाता सूची से नाम कटने के खिलाफ दाखिल आवेदनों को प्राथमिकता दी जाए।
विशेष रूप से कोलकाता नगर निगम (KMC) क्षेत्र के उन मतदाताओं की अर्जियों पर जल्द विचार करने को कहा गया है, जिनके नाम एसआईआर के दौरान हटाए गए हैं। इससे आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता दूर करने में मदद मिल सकती है।
ट्रिब्यूनलों के लिए कोलकाता में सुविधाजनक स्थान चिह्नित करने का निर्देश
शीर्ष अदालत ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे स्थान चिह्नित किए जाएं, जहां ट्रिब्यूनल की सुनवाई आयोजित की जा सके। स्थानों का चयन इस तरह होना चाहिए कि आम लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी न हो।
अदालत का जोर इस बात पर है कि हर प्रभावित मतदाता को अपनी अपील दाखिल करने और सुनवाई में शामिल होने का उचित अवसर मिले। इसके लिए परिवहन की सुविधा वाले स्थानों पर ट्रिब्यूनल की कार्यवाही आयोजित करने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
60 लाख से अधिक नाम थे विचाराधीन सूची में
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 60 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम विचाराधीन सूची में रखे गए थे। इन नामों से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों में कथित विसंगतियों की जांच तथा अपीलों के निपटारे की जिम्मेदारी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से गठित ट्रिब्यूनलों को सौंपी गई थी।
मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने खुद को वैध मतदाता बताते हुए ट्रिब्यूनलों में अपील दायर की है। कुछ मामलों का निपटारा जरूर हुआ है, लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन अब भी लंबित हैं।
फिलहाल 17 सेवानिवृत्त न्यायाधीश संभाल रहे हैं जिम्मेदारी
एसआईआर से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को सेवानिवृत्त न्यायाधीशों का ट्रिब्यूनल गठित करने की जिम्मेदारी दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार यह ट्रिब्यूनल विचाराधीन मतदाताओं के नामों से जुड़े मामलों पर फैसला कर रहा है।
फिलहाल ट्रिब्यूनल में 17 सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। हालांकि, लंबित आवेदनों की संख्या और सुनवाई की रफ्तार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, ट्रिब्यूनल में हर दिन सुनवाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने और नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग भी उठ रही है।
अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्देश के बाद उम्मीद है कि ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने और नाम कटने के खिलाफ दाखिल अर्जियों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
































