9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा नाम बदलने का प्रस्ताव
कोलकाता : पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की दिशा में एक बार फिर पहल शुरू हो गई है। अब राज्य का नाम अंग्रेजी में ‘वेस्ट बंगाल’ नहीं, बल्कि सभी भाषाओं में ‘पश्चिम बंग’ रखने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
ममता सरकार में भी उठी थी नाम बदलने की मांग
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग लंबे समय से उठती रही है। तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में तत्कालीन राज्य सरकार ने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ करने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी नहीं मिलने के कारण नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इससे पहले वाममोर्चा सरकार के कार्यकाल में भी नाम बदलने की कोशिश हुई थी। 20 जुलाई 1999 को विधानसभा में प्रस्ताव पेश कर राज्य का नाम सभी भाषाओं में ‘पश्चिम बंगाल’ रखने की मांग की गई थी। हालांकि, बाद में चर्चा के दौरान ‘बांग्ला’ नाम को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी। लेकिन यह प्रस्ताव भी आगे नहीं बढ़ पाया।
अंग्रेजी वर्णमाला में नाम होने के कारण आती है परेशानी
राज्य का नाम बदलने के पीछे प्रशासनिक कारण भी बताए जाते रहे हैं। दरअसल, अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम के अनुसार केंद्र सरकार की बैठकों में राज्यों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाता है। ‘वेस्ट बंगाल’ नाम अंग्रेजी के W अक्षर से शुरू होने के कारण पश्चिम बंगाल को अक्सर अपनी बात रखने का मौका सबसे आखिर में मिलता है।
इसी समस्या को दूर करने के लिए राज्य का नाम बदलने की मांग समय-समय पर उठती रही है।
शमिक भट्टाचार्य ने पहले ही किया था ऐलान
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी राज्य के नाम को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा था कि अब राज्य का नाम न तो ‘वेस्ट बंगाल’ होगा, न ‘बांग्ला’ और न ही ‘पश्चिमबंगाल’। सभी भाषाओं में एक ही नाम यानी ‘पश्चिम बंग’ इस्तेमाल किया जाएगा।
अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस दिशा में औपचारिक कदम उठाने की घोषणा कर दी है।
4 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र आगामी 4 दिसंबर से शुरू होने वाला है। इसी सत्र के दौरान 9 दिसंबर को राज्य के नाम में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
हालांकि, अंतिम फैसला केंद्र सरकार की स्वीकृति पर निर्भर करेगा।
































