भंग नगर निगम की सिफारिश पर कैसे हुआ पुनर्गठन? बुधवार को फिर सुनवाई
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (KMC) के वार्ड परिसीमन और आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कानूनी विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने पूछा कि जब कोलकाता नगर निगम में कोई निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं है और निगम को भंग कर दिया गया है, तो फिर उसी निगम की सिफारिश के आधार पर वार्डों का पुनर्गठन कैसे किया जा सकता है?
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट बुधवार को दोबारा सुनवाई करेगा। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के सामने मामले की सुनवाई हुई।
भंग नगर निगम की सिफारिश पर परिसीमन कैसे? सुप्रीम कोर्ट का सवाल
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची ने राज्य सरकार से सवाल किया कि यदि कोलकाता नगर निगम भंग हो चुका है और वहां निर्वाचित निकाय का अस्तित्व नहीं है, तो निगम से नगर निगम अधिनियम की धारा 601 के तहत सिफारिश कैसे प्राप्त की जा सकती है?
अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि जिस संस्था का निर्वाचित स्वरूप ही मौजूद नहीं है, उसकी सिफारिश के आधार पर राज्य सरकार वार्डों के पुनर्गठन की कानूनी शक्ति का इस्तेमाल कैसे कर सकती है? अदालत के इस सवाल से वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया पर नया कानूनी पेच पैदा हो गया है।
राज्य की ओर से तुषार मेहता ने रखा पक्ष
सुप्रीम कोर्ट में राज्य सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलीलें पेश कीं। उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट में दायर याचिका में कोलकाता नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के फैसले को चुनौती नहीं दी गई थी। याचिकाकर्ता की मुख्य आपत्ति वार्डों की सीमाओं के निर्धारण को लेकर थी।
तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि वार्डों का परिसीमन राज्य सरकार ने किया है। नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे ने स्वतंत्र रूप से कोई फैसला नहीं लिया था। इस संबंध में उन्होंने 10 सितंबर के एक पत्र का भी उल्लेख किया। राज्य के वकील के मुताबिक, उस पत्र में नगर निगम आयुक्त ने कहा था कि राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर अंतिम सिफारिश और संशोधित मसौदा सरकार के विचार के लिए भेजा जा रहा है।
285 सुनवाई के नोटिस और 10 अधिकारियों की नियुक्ति का दावा
राज्य सरकार की ओर से परिसीमन प्रक्रिया की पारदर्शिता के पक्ष में भी दलीलें दी गईं। तुषार मेहता ने बताया कि आपत्तियों की सुनवाई के लिए राज्य सरकार ने 10 अधिकारियों की नियुक्ति की थी। इस प्रक्रिया के तहत कुल 285 सुनवाई नोटिस जारी किए गए थे।
उन्होंने कहा कि लोगों को दो चरणों में अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। इसके अलावा सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की गई थी। राज्य सरकार का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है।
हाई कोर्ट ने 6 नवंबर को चुनाव की घोषणा पर लगाई थी रोक
दरअसल, कोलकाता नगर निगम के आगामी चुनाव की घोषणा पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने 6 नवंबर को रोक लगा दी थी। न्यायमूर्ति सब्यसाची भट्टाचार्य और न्यायमूर्ति अर्जुन राय मुखोपाध्याय की खंडपीठ ने निर्देश दिया था कि जब तक एकल पीठ में लंबित मामले का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक नगर निगम चुनाव की घोषणा नहीं की जा सकती।
हाई कोर्ट के इस आदेश को चुनौती देते हुए राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची। कोलकाता नगर निगम की ओर से भी शीर्ष अदालत में अलग याचिका दायर की गई है।
144 से बढ़ाकर 209 किए गए हैं वार्ड
गौरतलब है कि हाल ही में कोलकाता नगर निगम के वार्डों का परिसीमन किया गया है। इसके तहत वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 कर दी गई है। इस प्रक्रिया को चुनौती देते हुए 11 सितंबर को माकपा नेता दीपु दास ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि वार्डों की सीमाएं निर्धारित करते समय जनसंख्या के बजाय मतदाता सूची को अधिक महत्व दिया गया। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है। साथ ही उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया में कानूनी नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया।
परिसीमन की वैधता और नगर आयुक्त की भूमिका पर भी सवाल
माकपा नेता दीपु दास ने अपनी याचिका में यह भी सवाल उठाया था कि नगर निगम आयुक्त को वार्ड परिसीमन के लिए सिफारिश करने का वैध अधिकार है या नहीं। उन्होंने चुनाव की घोषणा से पहले राज्य सरकार की ओर से जारी वार्ड परिसीमन संबंधी अधिसूचना पर रोक लगाने की मांग की थी।
शुरुआत में हाई कोर्ट की एकल पीठ ने उनकी याचिका के आधार पर चुनाव की घोषणा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद 4 नवंबर को दीपु दास ने एकल पीठ के फैसले को चुनौती देते हुए खंडपीठ का रुख किया। उनका तर्क था कि किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम घोषित हो सकता है और चुनाव की घोषणा के बाद याचिका का महत्व समाप्त हो सकता है।
इसके बाद हाई कोर्ट की खंडपीठ ने 6 नवंबर को चुनाव की घोषणा पर रोक लगा दी। अब यह कानूनी विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। बुधवार को होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि इससे कोलकाता नगर निगम के वार्ड परिसीमन और आगामी चुनाव की प्रक्रिया की दिशा स्पष्ट हो सकती है।
































