कोलकाता में भाजपा नेता ने TMC और कांग्रेस को घेरा, SIR के विरोध पर उठाए सवाल; बोलीं- लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की हो रही कोशिश
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा के राजनीतिक अभियान के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन INDIA की रैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार रहे लोग अब कांग्रेस के साथ खड़े हो रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
भाजपा के ‘गणतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्मृति ईरानी ने पहले बंगाली और फिर हिंदी में विपक्ष को निशाने पर लिया। उनके भाषण में SIR, चुनाव आयोग, न्यायपालिका, बंगाल की राजनीतिक हिंसा और विपक्षी एकजुटता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
SIR पर कांग्रेस को घेरा, 12 बार की प्रक्रिया का दिया हवाला
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर स्मृति ईरानी ने कांग्रेस से सवाल किया। उन्होंने कहा कि 1952 से 2025 के बीच देश में 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है और इनमें से 10 बार केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। ऐसे में अब इस प्रक्रिया का विरोध करना राजनीतिक दोहरेपन को दिखाता है।
उन्होंने दावा किया कि मौजूदा मतदाता सूची के मसौदे में करीब 13 करोड़ नामों की जांच और संशोधन से जुड़े आंकड़ों को लेकर विपक्ष गलत प्रचार कर रहा है। उनके मुताबिक, मसौदा सूची में लगभग तीन करोड़ मृत मतदाताओं, एक करोड़ डुप्लीकेट नामों, तीन करोड़ अनुपस्थित मतदाताओं और करीब छह करोड़ स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं की पहचान की गई है।
स्मृति ने सवाल उठाया कि जब बूथ स्तर पर BLO के साथ विपक्षी दलों के करीब 20 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी मौजूद हैं, तो मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया पर आपत्ति क्यों जताई जा रही है।
‘बंगाल को लूटने वाले अब दिल्ली की ओर देख रहे’
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का नाम लिए बिना स्मृति ईरानी ने दिल्ली में विपक्षी दलों की बैठक को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन की बैठक में तृणमूल की एक नेता के बयान से यह संकेत मिला कि बंगाल के बाद अब दिल्ली को भी लूटने की मंशा है।
बंगाल में राजनीतिक हिंसा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पहले लोकतंत्र को कमजोर किया गया, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए और महिला कार्यकर्ताओं के साथ अत्याचार किए गए। स्मृति ने कहा कि जिन लोगों पर बंगाल में राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, वे अब दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के साथ मंच साझा कर रहे हैं।
चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को लेकर विपक्ष पर निशाना
स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उनके प्रति अविश्वास का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने EVM, चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और संसद का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले न्यायपालिका को निशाना बनाया गया और अब चुनाव आयोग पर हमले किए जा रहे हैं।
राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने उन्हें ‘प्रिंस इन वेटिंग’ कहकर तंज कसा। स्मृति ने राहुल के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि जो नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बजाय भारतीय राष्ट्र-व्यवस्था से अपनी लड़ाई बताते थे, वही आज करीब 90 करोड़ मतदाताओं द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को अवैध ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।
रामलीला मैदान की रैली में पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप
दिल्ली में विपक्ष की रैली के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर भी स्मृति ईरानी ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्होंने एक महिला पुलिसकर्मी के साथ विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता द्वारा कथित दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप भी लगाया।
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्षी मंच से सत्ता परिवर्तन यानी ‘रिजीम चेंज’ की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों और संगठनों को भी समर्थन दिया जा रहा है, जिन पर पहले आतंकी संगठनों के प्रति सहानुभूति रखने या माओवादी हिंसा के दौरान विवादित रवैया अपनाने के आरोप लगे हैं।
बांग्लादेश की घटनाओं का उल्लेख करते हुए स्मृति ने कहा कि भारत में भी वैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश करने वालों को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश के करीब 90 करोड़ जागरूक मतदाता लोकतंत्र के असली प्रहरी हैं।
कांग्रेस की चुनावी हार का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस करीब 56 विधानसभा चुनाव हार चुकी है। उन्होंने तमिलनाडु में 59 साल, पश्चिम बंगाल में 40 साल से अधिक, उत्तर प्रदेश में 37 साल और बिहार में 36 साल से पार्टी के सत्ता से बाहर रहने का उल्लेख किया।
स्मृति ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति के लिए उसके नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का कमजोर और भ्रष्ट नेतृत्व उसकी चुनावी चुनौतियों की बड़ी वजह है।
कोलकाता की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्मृति ईरानी ने SIR से लेकर विपक्षी एकजुटता और बंगाल की राजनीतिक हिंसा तक कई मुद्दों पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस को घेरा। उनके बयानों से राज्य में भाजपा और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।































