पश्चिम बंगाल के सोनामुखी में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी मंगल चौधरी गिरफ्तार; अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में दुर्गापूजा के दौरान दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि मंगल चौधरी ने अपनी पत्नी रुम्पा चौधरी की हत्या कर उनका सिर मंदिर में रख दिया। इसके बाद उसके पिता राजेंद्र चौधरी (60) की भी धारदार हथियार से हत्या कर दी।
घटना सोमवार रात लालबाबा मानाचर इलाके में हुई। मंगलवार सुबह मंदिर में महिला का कटा सिर मिलने और घर के आंगन से पिता का शव बरामद होने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तंत्र साधना के एंगल से जांच
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी और उसकी पत्नी नियमित रूप से मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। उनके घर पर एक तांत्रिक के आने-जाने की भी चर्चा है। इसी आधार पर वारदात के पीछे अंधविश्वास या तंत्र साधना की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ के जरिए हत्याकांड की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।































