कार्तिकेय गायब, दो लक्ष्मी की तस्वीरें
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा से पहले नियमों और धार्मिक परंपराओं को लेकर राजनीतिक बहस के बीच अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक बधाई बैनर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर 24 परगना जिले के कामारहाटी में भाजपा की ओर से लगाए गए दुर्गापूजा के शुभकामना फ्लेक्स में मां दुर्गा की तस्वीर को लेकर सवाल उठे हैं। बैनर में मां दुर्गा के परिवार से कार्तिकेय की तस्वीर गायब है, जबकि मां लक्ष्मी की दो तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। साथ ही मां दुर्गा की तस्वीर में दस के बजाय बारह हाथ नजर आने की बात भी सामने आई है।
यह फ्लेक्स भाजपा के कामारहाटी मंडल-1 के वार्ड नंबर 8 में लगाया गया था। इसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी के राज्य तथा जिला स्तर के नेताओं की तस्वीरों के साथ मां दुर्गा की तस्वीर भी छापी गई थी। लेकिन देवी की तस्वीर में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर विवाद शुरू हो गया।
नयापाड़ा इलाके में लगाए गए थे फ्लेक्स
जानकारी के मुताबिक, कामारहाटी के वार्ड नंबर 8 के नयापाड़ा इलाके सहित विभिन्न स्थानों पर दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देने के लिए ये फ्लेक्स लगाए गए थे। तस्वीर सामने आने के बाद लोगों ने देवी के चित्र में कार्तिकेय की अनुपस्थिति और लक्ष्मी की दो तस्वीरों पर सवाल उठाए।
मामला सामने आने के बाद कई फ्लेक्स हटा दिए गए। हालांकि, नयापाड़ा युवक संघ के आसपास कुछ बैनर लगे रहने की बात कही गई है। इस घटना ने स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज कर दी है।
भाजपा के भीतर भी उठे सवाल
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस तस्वीर को लेकर भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी नाराजगी जताई। पार्टी के कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर बैनर की तस्वीर साझा करते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, इस विवाद पर भाजपा की ओर से छपाई में गलती होने की बात कही गई है। पार्टी के स्थानीय नेतृत्व का कहना है कि फ्लेक्स लगाने से पहले तस्वीर की ठीक से जांच नहीं की गई, जिसके कारण यह त्रुटि हुई। विवाद सामने आने के बाद कुछ बैनर हटाकर नए बैनर लगाए जाने की भी खबर है।































