फीस वसूली समेत कई आरोपों पर भवानी गर्ल्स हाई स्कूल में अभिभावकों का प्रदर्शन।
हावड़ा : हावड़ा के शिवपुर स्थित भवानी गर्ल्स हाई स्कूल में विभिन्न आरोपों को लेकर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्कूल की कुछ शिक्षिकाएं भी शामिल हुईं। अभिभावकों का आरोप है कि सरकारी स्कूल होने के बावजूद दाखिले के दौरान निर्धारित फीस से अधिक रकम ली जा रही है। इसके अलावा बिना बिल के अतिरिक्त पैसे लेने, मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्कूल के शौचालयों की साफ-सफाई की कमी और स्कूल की प्रधान शिक्षिका के कथित तौर पर नियमित रूप से स्कूल नहीं आने समेत कई शिकायतें सामने आई हैं।
व्यवहार को लेकर भी नाराजगी
अभिभावकों ने प्रधान शिक्षिका के कथित व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। मामले में एक और आरोप सामने आया है। अभिभावकों का दावा है कि प्रधान शिक्षिका की बेटी स्कूल में पढ़ाई नहीं करने के बावजूद इसी स्कूल से कन्याश्री योजना का लाभ लेने में सफल हुई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, स्कूल की प्रधान शिक्षिका श्रावणी पान ने अभिभावकों के आरोपों पर अपना पक्ष रखा। उनका कहना है कि पिछली सरकार की ओर से मिलने वाली राशि से स्कूल चलाना मुश्किल था। इसी वजह से अभिभावकों की बैठक में चर्चा के बाद निर्धारित फीस से अधिक राशि ली जाती थी। प्रधान शिक्षिका के अनुसार, यह व्यवस्था पिछले करीब दस वर्षों से चली आ रही है और सवाल उठाया कि इतने वर्षों बाद अब इसका विरोध क्यों किया जा रहा है। अपनी बेटी के कन्याश्री लाभ के आरोप पर प्रधान शिक्षिका ने दावा किया कि इस मामले में उनके हस्ताक्षर जाली करके किसी ने यह प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी और जिला स्कूल शिक्षा विभाग को जानकारी दी गई है। हालांकि, उनके अनुसार संबंधित राशि अभी तक वापस नहीं की जा सकी है। अभिभावकों की शिकायतों और प्रधान शिक्षिका के जवाब के बीच अब शिक्षा विभाग की जांच पर नजर है।






















