राशन कार्डधारकों को पूजा का तोहफा। करीब 2.12 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ, राज्य सरकार फेस्टिव पैकेज पर खर्च करेगी 114 करोड़ रुपये
कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले राशन कार्डधारक परिवारों के लिए राज्य सरकार ने विशेष ‘फेस्टिव पैकेज’ की घोषणा की है। खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने हाल में घोषणा कि है कि राशन व्यवस्था के तहत आने वाले परिवारों को कुछ जरूरी खाद्य सामग्री बाजार कीमत की तुलना में 50 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री के मुताबिक, इससे राज्य के करीब 2 करोड़ 12 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को लाभ मिलेगा। पहले राशन की कुछ वस्तुओं पर सिर्फ 10 प्रतिशत तक की छूट दी जाती थी, लेकिन इस बार सरकार ने इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का फैसला किया है।
आधी कीमत पर मिलेंगी तीन खाद्य सामग्री
फेस्टिव पैकेज के तहत प्रत्येक राशन कार्डधारक परिवार को 1 किलो चीनी, 1 किलो मैदा और 250 ग्राम सूजी दी जाएगी। इन तीनों वस्तुओं को मौजूदा बाजार कीमत के मुकाबले आधे दाम पर उपलब्ध कराया जाएगा।
खाद्य विभाग के अनुसार, पूजा के दौरान परिवारों को अतिरिक्त राहत देने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में परिवारों के इस योजना के दायरे में आने के कारण सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी पड़ेगा।
फेस्टिव पैकेज पर 114 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च
खाद्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस विशेष योजना के लिए करीब 114 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले इन खाद्य सामग्री को पूरी तरह मुफ्त देने की योजना पर विचार किया गया था, लेकिन मौजूदा वित्तीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 50 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया गया।
सरकार की योजना है कि अगर अगले वर्ष राज्य की वित्तीय स्थिति अनुकूल रहती है, तो त्योहार के दौरान इन वस्तुओं को मुफ्त उपलब्ध कराने पर विचार किया जा सकता है।
सभी राशन कार्डधारकों को मिलेगा लाभ
फेस्टिव पैकेज को लेकर यह सवाल भी उठाया गया कि क्या ईद या अन्य धार्मिक त्योहारों के दौरान भी इसी तरह की अलग व्यवस्था की जाएगी। इस पर खाद्य मंत्री ने कहा कि सरकार किसी धर्म या समुदाय के आधार पर लाभ देने की व्यवस्था नहीं कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के लिए घोषित यह पैकेज किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। राज्य के करीब 2.12 करोड़ राशन कार्डधारक परिवार इसके लाभार्थी होंगे।
इस घोषणा के साथ त्योहार के मौसम में राशन व्यवस्था के जरिए परिवारों को राहत देने की सरकार की योजना सामने आई है। अब राशन दुकानों के माध्यम से इन वस्तुओं के वितरण की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।































