रेलवे फाटक के पास नयनजुली से मिला शव
पश्चिम मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में चर्लापल्ली एक्सप्रेस से एक यात्री के गिरने की घटना सामने आई है। सोमवार को बेलदा इलाके में साशिंदा रेलवे फाटक के पास नयनजुली से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान असम निवासी डेविड टिग्गा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
हैदराबाद से असम लौट रहा था युवक
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, डेविड टिग्गा हैदराबाद में काम करता था। वह अपने रिश्तेदार और एक दोस्त के साथ हैदराबाद से असम लौट रहा था। तीनों चर्लापल्ली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात बेलदा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद डेविड अचानक अपनी सीट से उठा। उसने साथ मौजूद लोगों से कहा कि वह बाथरूम जा रहा है। इसके बाद वह ट्रेन से नीचे गिर गया या कूद गया।
रात में ट्रेन रोककर हुई तलाश
डेविड के अचानक गायब होने के बाद उसके साथ यात्रा कर रहे लोगों ने शोर मचाया। उन्होंने ट्रेन के TTE और रेलवे पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन से उतरकर आसपास के इलाके में उसकी तलाश की गई, लेकिन रात के अंधेरे में उसका पता नहीं चल सका।
मृतक के छोटे भाई रमेश तिग्गा ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच सभी ने साथ में खाना खाया था। इसके कुछ देर बाद डेविड बाथरूम जाने की बात कहकर उठा। बाद में उसके ट्रेन से गिरने की जानकारी मिली।
रमेश के मुताबिक, उन्होंने ट्रेन की चेन भी खींची और ट्रेन रोकने की कोशिश की। इसके बाद परिजन और अन्य लोग रेलवे लाइन के आसपास उसकी तलाश करते रहे।
सोमवार सुबह मिला शव
रात में तलाश के बावजूद डेविड का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह परिजनों ने खड़गपुर GRP से संपर्क किया। इसके बाद रेलवे पुलिस ने तलाश तेज की। आखिरकार साशिंदा 26 रेलवे फाटक के पास नयनजुली से डेविड का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस जांच में जुटी
बेलडा थाना पुलिस के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास नयनजुली से असम निवासी युवक का शव मिला है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि युवक ट्रेन से दुर्घटनावश गिरा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई थी। घटना के पीछे की वजह भी अभी सामने नहीं आई है। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
































