20 लाख की फिरौती मांगी; 3 घंटे में पुलिस ने कराया मुक्त
कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के कथित अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब तीन घंटे के भीतर कारोबारी को बरामद कर लिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कारोबारी के बेटे को आया WhatsApp कॉल
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के रहने वाले रोहित सिंह सोलंकी ने 25 सितंबर 2026 की रात करीब 8:05 बजे एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता कारोबार के सिलसिले में कुछ दिन पहले कोलकाता आए थे।
शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे उनके पिता के मोबाइल नंबर से रोहित को WhatsApp कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि उनके पिता का बशीरहाट इलाके से 5-6 अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है।
20 लाख रुपये की फिरौती की मांग
शिकायत में आरोप लगाया गया कि अपहरणकर्ताओं ने कारोबारी के साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना की तथा उन्हें छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। सूचना मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने 25 सितंबर को केस नंबर 57/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और मैनुअल सोर्स से मिली मदद
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मैनुअल सोर्स और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल किया गया। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल अभियान चलाया। पुलिस का दावा है कि शिकायत दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर कारोबारी को बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 60 वर्षीय रजत बिस्वास, 48 वर्षीय गोपाल दास और 30 वर्षीय समीम गाजी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पानीहाटी निवासी रजत बिस्वास ने खुद को सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी बताया है और दावा किया है कि वह पहले बशीरहाट में तैनात रह चुका है। दूसरा आरोपी गोपाल दास बशीरहाट के गणपतिपुर का रहने वाला है और उसने खुद को कस्टम विभाग में कैंटीन कर्मचारी बताया है। तीसरा आरोपी समीम गाजी बशीरहाट थाना क्षेत्र के हरिशपुर का निवासी है और उसके बारे में पुलिस को बताया गया है कि वह ड्राइवर है।
अपहरण की वजह और अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर कथित अपहरण की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि कारोबारी को क्यों निशाना बनाया गया, 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग के पीछे क्या वजह थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।































