लूडो खेलने को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखान इलाके में लूडो खेलने को लेकर हुए विवाद में एक 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान परान मंडल के रूप में हुई है। आरोप है कि लूडो के खेल के दौरान विवाद बढ़ने पर उसके दोस्त समीर मंडल ने फावड़े से उसके सिर के पीछे वार कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परान मंडल मिनाखान थाना क्षेत्र के बामनपुकुर ग्राम पंचायत के पुटखाली स्थित कालीतला इलाके के रहने वाले थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, परान मंडल और समीर मंडल काफी समय से दोस्त थे और दोनों अक्सर रोजमर्रा के काम खत्म करने के बाद साथ में लूडो खेलते थे।
लूडो खेलने के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि सोमवार रात दोनों अपने घर के पास सड़क किनारे बैठकर लूडो खेल रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों ने शराब पी रखी थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान समीर मंडल ने पास रखे फावड़े से परान मंडल के सिर के पीछे हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद परान मौके पर ही गिर पड़े और उनके सिर से खून बहने लगा।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल परान मंडल को मिनाखान ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मिनाखान थाना पुलिस भी मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी समीर मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की वजह की जांच कर रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या विवाद की असली वजह सिर्फ लूडो का खेल था या इसके पीछे कोई पुराना विवाद अथवा अन्य कारण भी था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मंगलवार को आरोपी समीर मंडल को बशीरहाट अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।































