कोलकाता : फ्रैंक एंथनी पब्लिक स्कूल ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (FAPSOSA) की ओर से वार्षिक शिक्षक दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यालय के शिक्षकों के प्रति पूर्व विद्यार्थियों की कृतज्ञता व्यक्त करना और उनके योगदान को सम्मान देना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के वर्तमान शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को उनकी समर्पित सेवाओं, प्रतिबद्धता और विद्यालय परिवार के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में प्रख्यात खेल पत्रकार, खेल इतिहासकार एवं लेखक डॉ. बोरिया मजूमदार, प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राज चज्जर और डॉ. तनमय दत्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. बोरिया मजूमदार ने विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जीवन में फ्रैंक एंथनी पब्लिक स्कूल और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने उन्हें शिक्षा के साथ जीवन-मूल्य, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की दृष्टि भी दी।
FAPSOSA के उपाध्यक्ष सरदार सतनाम सिंह अहलूवालिया ने कहा कि शिक्षक हर पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की नींव उन शिक्षकों ने रखी है, जिन्होंने उन्हें सही दिशा देने के साथ सपने देखने और उन्हें हासिल करने का साहस दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं FAPSOSA के अध्यक्ष आई. टी. मायर्स ने कहा कि किसी विद्यालय की सबसे बड़ी विरासत उसकी इमारतें या परंपराएं नहीं, बल्कि वे जीवन हैं, जिन्हें वह आकार देता है।
समारोह ने वर्तमान शिक्षकों, पूर्व शिक्षकों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और पूरे विद्यालय परिवार के बीच वर्षों से कायम रिश्ते को एक बार फिर मजबूत किया। कार्यक्रम का समापन FAPSOSA के मूल भाव “Courage is Destiny” यानी “साहस ही नियति है” के संदेश के साथ हुआ।






























