1.30 करोड़ की डकैती का खुलासा, हावड़ा से महिला गिरफ्तार; 70 लाख रुपये नकद बरामद
कोलकाता: पोस्ता थाना क्षेत्र के कॉटन स्ट्रीट में हुई 1 करोड़ 30 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हावड़ा के गोलाबाड़ी इलाके से सरस्वती शर्मा नामक एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से डकैती के 70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद रकम 5-5 लाख रुपये के बंडलों में रखी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कॉटन स्ट्रीट स्थित एक दुकान में हथियारबंद बदमाश घुसे थे। बदमाशों ने रिवॉल्वर की नोक पर दुकान की तिजोरी में रखे करीब 1.30 करोड़ रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पोस्ता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले ललित मूंधड़ा नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसे बैंकशाल अदालत ने पुलिस हिरासत में भेजा है।
मास्टरमाइंड की पत्नी पर डकैती में शामिल होने का आरोप
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार सरस्वती शर्मा का पति रामचंद्र शर्मा इस डकैती का कथित मास्टरमाइंड है। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार, रामचंद्र ने ही डकैती को अंजाम देने के लिए राजस्थान से बदमाशों को बुलाया था। पुलिस ने हावड़ा के गोलाबाड़ी स्थित रामचंद्र शर्मा के घर से कथित तौर पर डकैती में शामिल बदमाशों के पहने हुए कपड़े भी बरामद किए हैं।
2 सितंबर तक पुलिस हिरासत
गिरफ्तार सरस्वती शर्मा को शनिवार को बैंकशाल अदालत के एसीजेएम (1) दिब्येंदु नाथ के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील दीप नारायण पाकराशी ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि मामले की पूरी साजिश का पता लगाने और डकैती की बाकी रकम बरामद करने के लिए आरोपी से पूछताछ जरूरी है।दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सरस्वती शर्मा को 2 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि डकैती की वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे, फरार रामचंद्र शर्मा की भूमिका क्या थी और लूट की बाकी रकम कहां छिपाई गई है।




























