बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया
कोलकाता : कोलकाता के हेरिटेज स्कूल में एक छात्र को सांप ने काट लिया। यह घटना स्कूल के रेस्ट रूम में हुई। तीसरी कक्षा के छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके चलते बुधवार को स्कूल बंद रहा। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को सूचित किया है कि वे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठा रहे हैं और उनकी भलाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कैसे घटी घटना
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को हुई। दोपहर में बच्चा कैंपस के एक रेस्ट-रूम में गया, जहाँ उसे साँप ने काट लिया। बताया जा रहा है कि साँप लगभग डेढ़ फ़ीट लंबा था और उसका शरीर सफ़ेद रंग का था जिस पर पीले धब्बे थे।
स्कूल के सूत्रों के अनुसार, बच्चे को पहले स्कूल के सिक-रूम में ले जाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बाईपास के पास एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया और डॉक्टरी निगरानी में रखा गया।
वॉट्सऐप ग्रुप के ज़रिए सामने आया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला माता-पिता के एक वॉट्सऐप ग्रुप के ज़रिए सामने आया। स्कूल प्रशासन ने अभी तक मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि, कुछ माता-पिता ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बच्चे को घर भेज दिया गया था और परिवार वालों को बच्चे के पैर पर सांप के काटने का निशान दिखा। जांच-पड़ताल के बाद यह घटना सामने आई, जिसके बाद वे बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए।





























