कोलकाता : अलीपुर मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण बंगाल में कुछ और दिनों तक तूफ़ानी मौसम और बारिश जारी रहेगी। कई ज़िलों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर बंगाल में भी मौसम खराब बना रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मेदिनीपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में भी भारी बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार तक कोलकाता में कहीं-कहीं बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है।मानसून ट्रफ़ भी सक्रिय है और पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों तक फैला हुआ है। इसके असर से अगले कुछ दिनों तक दक्षिण बंगाल के ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।उत्तर बंगाल में भारी बारिश जारी रहेगी। रविवार और सोमवार के लिए जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार तक उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल में रविवार के बाद तूफ़ान और बारिश कुछ कम हो जाएगी।





























