50 हजार के इनामी आरोपी गोपाल दास गिरफ्तार
कोलकाता : 2021 के पश्चिम बंगाल पोस्ट-पोल हिंसा से जुड़े अविजित सरकार हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी गोपाल दास उर्फ विशाल पाल को गिरफ्तार कर लिया है। CBI ने आरोपी को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम स्थित रवींद्रनगर से गिरफ्तार किया।
FIR दर्ज होने के बाद से फरार था
CBI के मुताबिक, आरोपी 2021 में FIR दर्ज होने के बाद से फरार था और उसने न तो जांच में सहयोग किया और न ही मुकदमे की कार्यवाही में शामिल हुआ। उसकी गिरफ्तारी के लिए CBI की ओर से 50,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को मानव खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
2 मई 2021 को हुई थी अविजित सरकार की हत्या
मामला 2 मई 2021 को कोलकाता के सीतलातला लेन में कथित तौर पर हुई अविजित सरकार की हत्या से जुड़ा है। CBI ने कलकत्ता हाई कोर्ट के 19 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में 25 अगस्त 2021 को इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इससे पहले मामला नर्केलडांगा थाने में FIR संख्या 124/2021 के तहत दर्ज था।
38 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट
जांच पूरी करने के बाद CBI ने 2021 और 2025 में चार्जशीट एवं सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। इन चार्जशीट में कुल 38 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें गोपाल दास उर्फ विशाल पाल के अलावा तत्कालीन TMC विधायक परेश पाल और तत्कालीन TMC पार्षद स्वपन समद्दार एवं पापिया घोष भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ IPC की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले की सुनवाई
मामले की सुनवाई फिलहाल कलकत्ता के सिटी सेशंस कोर्ट में चल रही है। कोर्ट ने गोपाल दास को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया। गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी गोपाल दास उर्फ विशाल पाल को मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को सक्षम अदालत, कलकत्ता के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।





























