मंत्री उमेश राय ने उलुबेरिया नगरपालिका में की समीक्षा बैठक
उलुबेरिया: उलुबेरिया नगरपालिका में आज चेयरमैन, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, फाइनेंस ऑफिसर, सभी इंजीनियरों और निर्वाचित 32 पार्षदों में से 30 पार्षदों की मौजूदगी में नगरपालिका की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न लंबित शिकायतों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक राज्य मंत्री उमेश राय की उपस्थिति में हुई।
बैठक में पार्षदों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर नागरिक सुविधाओं में सुधार, लंबित कार्यों और शिकायतों के समाधान को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान नगरपालिका और ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व में सामने आई भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायतों को भी गंभीरता से उठाया गया। संबंधित मामलों की जांच कर दोषियों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मंत्री उमेश राय ने स्पष्ट किया कि उलुबेरिया के नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच नगरपालिका की मौजूदा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई।





























