400 ग्राम सोने और 900 ग्राम से ज्यादा चांदी के गहनों के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
कोलकाता : हवाई अड्डे से सटे इलाके में NSCBI थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 ग्राम सोने और 900 ग्राम से ज्यादा चांदी के गहनों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम NSCBI थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि यहां सोने-चांदी के गहनों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर NSCBI थाने की पुलिस ने इलाके में नाका चेकिंग और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी लेकर कार्गो इलाके की तरफ भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में गहने बरामद हुए। तलाशी में कुल 400 ग्राम सोने के गहने और 900 ग्राम से अधिक चांदी के गहने मिले।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रामावतार शर्मा के रूप में हुई है। वह राजस्थान का रहने वाला है।
NSCBI थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आज उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अदालत से आरोपी की रिमांड मांगेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के तार और किन लोगों से जुड़े हैं।





























