कुकिंग सिस्टम में खराबी के कारण तैयार नहीं हो सका भोजन
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में बुधवार को कई स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे मील नहीं मिल सका। भोजन उपलब्ध कराने वाली अन्नामृत फाउंडेशन ने स्कूलों को भेजे संदेश में बताया कि उनके बॉयलर आधारित कुकिंग सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण निर्धारित भोजन तैयार नहीं हो सका। फाउंडेशन ने अपने संदेश में स्कूलों से अनुरोध किया कि बच्चों को आज के लिए सूखा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि स्कूल द्वारा उपलब्ध कराए गए सूखे भोजन की लागत का प्रतिपूर्ति अन्नामृत फाउंडेशन करेगा। संस्था ने इस असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।
व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वप्न मंडल ने व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में बच्चे खाली पेट स्कूल आते हैं और ऐसे में मिड-डे मील नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त रसोईघर और आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किए बिना सीमित केंद्रीय किचनों से बड़ी संख्या में स्कूलों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू कर दी गई। उनके अनुसार, पहले पर्याप्त आधारभूत संरचना तैयार की जानी चाहिए थी, ताकि इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
बच्चों पर पड़ा असर
मिड-डे मील योजना का उद्देश्य स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में अचानक भोजन नहीं मिलने से कई छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब यह देखना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।





























