किसने छुपाकर रखे थे, चल रही है जांच
दुर्गापुर : बीरभूम के रेत और पत्थर व्यापारी तुलु मंडल के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और कई किलोग्राम सोना बरामद किया गया। उस पर रेत और पत्थर के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति जमा करने का आरोप है। जांचकर्ता अभी ज़िले में कई जगहों पर तलाशी ले रहे हैं। इसी बीच, पश्चिम बर्धमान ज़िले में भी भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। दुर्गापुर में एक ईंट भट्ठे से 48 लाख रुपये मिले हैं। पुलिस और प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि वहां पर इसे छिपा कर क्यों रखा गया था ?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर के गौरबाज़ार इलाके में एक ईंट भट्टा है, जो काफी समय से बंद पड़ा है। फरीदपुर थाने की पुलिस चोरी के एक मामले की जांच कर रही थी, तभी उन्हें एक गुप्त सूत्र से इस संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने गौरबाज़ार स्थित ईंट भट्टे पर छापा मारा। गहन तलाशी के बाद भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार ने बताया, “एक ईंट भट्ठे पर छापेमारी की गई। चोरी के एक मामले की जांच चल रही थी। उसी जांच के आधार पर छापेमारी में 48 लाख रुपये बरामद किए गए। जांच अभी जारी है।”
स्रोत को लेकर उठे सवाल
पैसे के स्रोत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसे कहां से लाया गया छिपाया गया था। क्या बरामद कैश और चोरी के बीच कोई संबंध है ?
तृणमूल नेता आते-जाते थे
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तृणमूल नेता और कार्यकर्ता अक्सर उस ईंट भट्ठे पर आते-जाते थे। सवाल उठ रहे हैं कि क्या उस पैसे और तृणमूल पार्टी के बीच कोई संबंध है। ज़िला बीजेपी प्रवक्ता सुमंत मंडल ने कहा, “तृणमूल नेता अक्सर उस जगह पर आते-जाते थे। चुनाव से पहले तृणमूल पार्टी के दुर्गापुर-फ़रीदपुर ब्लॉक के नेता उस जगह का दौरा करते थे। हम मांग कर रहे हैं कि इस बात की जांच हो कि क्या उनके और इस पैसे के बीच कोई संबंध है।”





























