दक्षिण बंगाल के 5 जिलों में हो सकती है भारी बारिश
कोलकाता : कोलकाता में सुबह से ही कभी हल्की तो कभी तेज़ बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को रुक-रुक कर बारिश का यह दौर जारी रहेगा। कोलकाता के अलावा दक्षिण बंगाल के सभी ज़िलों में आंधी-तूफ़ान के साथ बारिश होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बंगाल में भारी बारिश हो सकता है। उत्तर बंगाल के ऊपर एक मॉनसून ट्रफ़ बना हुआ है। यह राजस्थान के बीकानेर से शुरू होकर बिहार के पटना और उत्तर बंगाल के मालदा से होते हुए मणिपुर तक फैला हुआ है। उत्तर बंगाल और बांग्लादेश से सटे इलाके में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना है। इस वजह से राज्य में आंधी और बारिश का अनुमान है।
जानें कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को कोलकाता समेत दक्षिण के सभी ज़िलों में बारिश होने की संभावना है और साथ ही 30-40 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ भी चलेंगी। अगले दो दिनों तक दक्षिण बंगाल में मौसम की स्थिति में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, नदिया और मुर्शिदाबाद ज़िलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल में भी तूफ़ान और बारिश
दक्षिण बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल में भी तूफ़ान और बारिश का अनुमान जताया गया है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को उत्तर के पांच ज़िलों – दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार – में बहुत ज़्यादा बारिश होने की संभावना है। इन पांच ज़िलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। बाकी ज़िलों में भी भारी बारिश का अनुमान है।





























