कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में कुल 11 जगहों पर सब्यसाची और उनके करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। साल्टलेक, खिदिरपुर और गिरीश पार्क में भी चल रहा है अभियान
- साल्ट लेक के उनके करीबी व्यवसायी भी हैं राडार पर
कोलकाता : केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल नेता सब्यसाची दत्ता के खिलाफ कार्रवाई की है। ED सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार सुबह कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में कुल 11 जगहों पर सब्यसाची और उनके करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
गत 8 जून को हुए थे गिरफ्तार
8 जून को बिधाननगर नॉर्थ पुलिस ने जबरन वसूली के आरोप में सब्यसाची को गिरफ़्तार किया था। पुलिस ने तृणमूल नेता के साथ कई जगहों पर तलाशी ली। इससे पहले, जांचकर्ताओं को सब्यसाची के राजारहाट के फ़्लैट और एक बैंक लॉकर से लगभग साढ़े तीन किलोग्राम सोना मिला था।
पांच बैंक अकाउंट फ्रीज़
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सब्यसाची ने जबरन वसूली के पैसों से सोना खरीदा था। इससे पहले, पुलिस ने सब्यसाची और उनकी पत्नी इंद्राणी दत्ता के पांच बैंक अकाउंट फ्रीज़ कर दिए थे। कुल 3.7 करोड़ रुपये ज़ब्त किए गए, जिसमें उन पांच बैंक अकाउंट्स का पैसा, फिक्स्ड डिपॉज़िट और कैश शामिल है।
पुलिस बिधाननगर के पूर्व मेयर के पास मौजूद भारी रकम के स्रोत का पता लगाने के लिए जानकारी इकट्ठा कर रही है। इसी बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उमके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
करीबी के पास से भी सोना जब्त
जून में पुलिस ने तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के नादिया (करीमपुर) स्थित घर से कई किलोग्राम सोना बरामद किया था। टीना को सब्यसाची का करीबी माना जाता है।
बुजुर्ग ने लगाया था आरोप
सॉल्ट लेक के AE ब्लॉक में एक घर के बुज़ुर्ग मालिक ने आरोप लगाया कि सब्यसाची ने उनसे 46 लाख रुपये की उगाही की थी।




























