भाजपा ने की गिरफ्तारी की मांग
कोलकाता/श्रीरामपुर: तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में भाजपा नेताओं ने श्रीरामपुर थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं ने सांसद की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले कल्याण बनर्जी ने अमित शाह पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। शिकायत के अनुसार, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को “गुंडा”, “जल्लाद”, “कायर” और “कम्प्लीटली डर्टी मैन” जैसे शब्दों से संबोधित किया था। इतना ही नहीं, उन पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप भी लगाया था।
शिकायतकर्ता भास्कर घोष ने कहा कि देश के गृह मंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दंडनीय अपराध है और पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ भी कई बार अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां की हैं।
भाजपा ने कल्याण बनर्जी पर भड़काऊ बयान देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद उन्होंने ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे तनाव और अशांति का माहौल बना। भाजपा नेताओं का दावा है कि उनके बयानों ने दंगा जैसी स्थिति पैदा करने में भूमिका निभाई।
श्रीरामपुर निवासी भास्कर घोष ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं है जब कल्याण बनर्जी ने अमित शाह के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी की हो। उनके अनुसार, पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भी रिशड़ा थाने में भाजपा के एक पार्षद ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ इसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक तृणमूल सांसद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इधर, शनिवार शाम श्रीरामपुर के बटतला इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कल्याण बनर्जी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा का आरोप है कि सांसद लगातार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।


























